मनरेगा बचाने की मांग को लेकर सतनगर से भैयाथान तक पैदल मार्च

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव बोले-रोजगार की गारंटी वाली योजना को कमजोर करना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए खतरा।
भारत सम्मान/भैयाथान/ फिरोज खान:-मनरेगा योजना को सुरक्षित और सुदृढ़ बनाए रखने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत सतनगर से भैयाथान मुख्यालय तक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में भाग लिया और भैयाथान पहुंचकर अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीण गरीबों के हितों की रक्षा और मनरेगा के प्रावधानों को मजबूत बनाए रखने की मांग की गई।
पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैयाथान की अध्यक्ष विद्यात्रि सिंह देव तथा जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह देव ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे पूरे मार्ग में जनसहभागिता का उत्साह दिखाई दिया।
सभा को संबोधित करते हुए सरकारों पर साधा निशाना।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और कमजोर वर्ग के लिए आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है, लेकिन इसके प्रावधानों में कटौती और प्रक्रियाओं को जटिल बनाकर लगातार इसकी प्रभावशीलता कम की जा रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार की गारंटी देने वाली योजना को कमजोर करना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीणों के रोजगार के प्रति उदासीनता का रवैया अपनाया जा रहा है और विभिन्न नियमों व कटौतियों के नाम पर मनरेगा के लाभ सीमित किए जा रहे हैं, जिससे गरीब मजदूर अपने अधिकारों से वंचित हो रहे हैं।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे उपस्थित।
पदयात्रा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जे.पी. श्रीवास्तव, पूर्व सांसद खेल साय सिंह, पूर्व विधायक प्रेस साय सिंह, परसा नाथ राजवाड़े, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, प्रदीप राजवाड़े, मनोज डालमिया, जफर हैदर, दीप्ति स्वाई, आनंद कुंवर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
इसके अलावा रामकृष्ण ओझा, राजेंद्र प्रताप सिंह देव, योगेंद्र सिंह देव, रामचंद्र यादव, कौशलेंद्र सिंह, राजू गुप्ता, नूर आलम, शांतनु सिंह, आशीष सिंह, विक्की दुबे, बजरंगी सिंह, रितेश सिंह, सुलोचनी पैकरा (जनपद पंचायत अध्यक्ष भैयाथान), दुर्गा सारथी, शशिलता सिंह, इंद्रावती राजवाड़े, दीपमाला टंडन सहित जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक पदाधिकारी, महिला कांग्रेस सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

ज्ञापन में उठी प्रमुख मांगें।
ज्ञापन के माध्यम से मनरेगा योजना के प्रावधानों को सुरक्षित रखने, कटौतियों पर रोक लगाने और ग्रामीण गरीबों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से भैयाथान मुख्यालय क्षेत्र में जनसैलाब जैसा माहौल देखने को मिला।



