तेज रफ्तार का कहर : दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला, एक गंभीर

बलरामपुर | रामहरी गुप्ता
जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाड्रफनगर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर महुली के पास क्लिंकर से लदे ट्रक और चावल से भरे ट्रक के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक में आग लग गई और उसमें फंसे चालक की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर वाड्रफनगर–रामानुजगंज मार्ग पर दोनों ट्रक विपरीत दिशा से आ रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन महुली के पास पहुंचे, किसी कारणवश अनियंत्रित होकर आपस में जोरदार तरीके से टकरा गए। टक्कर के तुरंत बाद क्लिंकर से लदे ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका और वह वाहन के केबिन में ही फंस गया। कुछ ही मिनटों में ट्रक धू-धू कर जलने लगा और चालक जिंदा जल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावह लपटों के कारण कोई भी पास नहीं जा सका।
वहीं चावल से लदे ट्रक का चालक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे किसी तरह बाहर निकाला गया और तुरंत उपचार के लिए वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके साथ ही त्रिकुंडा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक चालक के शव को ट्रक से बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद वाड्रफनगर–रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब काफी देर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और धीरे-धीरे मार्ग को सुचारू कराया।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस मृतक चालक की पहचान करने और हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ने वाले भारी वाहनों पर नियंत्रण और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।




