महतारी वंदन की राशि में गड़बड़ी का आरोप

कियोस्क संचालक राहुल गुप्ता (आईडी 3FAT047) पर डबल निकासी व अवैध कमीशन वसूली के गंभीर सवाल।
भारत सम्मान/सूरजपुर/फिरोज खान:-जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरती की एक महिला ने महतारी वंदन योजना की राशि में गड़बड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। ग्राम दुरती निवासी अनीता यादव (पति – शोभनाथ यादव, आयु लगभग 32 वर्ष) ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा चन्द्रमेढ़ा से संबद्ध कियोस्क संचालक राहुल गुप्ता (पिता – राजकुमार गुप्ता) पर डबल निकासी और अवैध कमीशन वसूली का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
खाता क्रमांक 77042091759 से एक ही दिन में दो बार निकासी।
आवेदन के अनुसार, 07 फरवरी 2026 को अनीता यादव अपने पति के साथ महतारी वंदन योजना की राशि निकालने कियोस्क केंद्र पहुँचीं। उनका बैंक खाता क्रमांक 77042091759 (छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक) है।

पीड़िता के अनुसार, कियोस्क संचालक राहुल गुप्ता (कियोस्क आईडी – 3FAT047) द्वारा 1000 रुपये की निकासी की गई। लेकिन बाद में पासबुक प्रिंट कराने पर यह सामने आया कि उसी दिन खाते से दो बार 1000-1000 रुपये, कुल 2000 रुपये की निकासी दर्ज है। अनीता यादव का कहना है कि उन्हें केवल 1000 रुपये ही दिए गए, जबकि बैंक रिकॉर्ड में 2000 रुपये की निकासी दर्शाई गई है।
इलाज के दौरान हुआ कथित फर्जीवाड़ा।
शिकायत में उल्लेख है कि पहली निकासी के बाद वे ऑपरेशन/इलाज के सिलसिले में बस द्वारा बाहर चली गई थीं। इलाज से लौटने के बाद जब वे शेष राशि निकालने पहुँचीं, तो संचालक द्वारा खाते में राशि न होने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। संदेह होने पर बैंक जाकर पासबुक प्रिंट कराया गया, जिससे कथित डबल निकासी की जानकारी सामने आई।

अवैध कमीशन वसूली का भी आरोप।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि खाते से अवैध रूप से कमीशन की वसूली की गई है। पासबुक प्रविष्टियों के आधार पर पीड़िता ने दावा किया है कि एक ही दिन में दो बार राशि निकासी के साथ-साथ अनधिकृत कटौती भी की गई।
अन्य हितग्राहियों के साथ भी आशंका।
पीड़िता ने आशंका जताई है कि यदि उनके खाते से इस प्रकार की डबल निकासी संभव है, तो अन्य महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के साथ भी इस प्रकार की अनियमितता हो सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं मुख्यतः कियोस्क संचालकों के माध्यम से संचालित होती हैं, ऐसे में इस प्रकार के आरोप बैंकिंग व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

उच्च अधिकारियों से जांच व कार्रवाई की मांग।
अनीता यादव ने शाखा प्रबंधक से मामले की निष्पक्ष जांच कर कियोस्क संचालक राहुल गुप्ता के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि निम्नलिखित कार्यालयों को प्रेषित की गई है जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, प्रमुख शाखा बैकुंठपुर, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, शाखा चन्द्रमेढ़ा, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, शाखा बंशीपुर, छत्तीसगढ़ साइबर सुरक्षा विभाग, थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर।

जनहित से जुड़ा गंभीर मामला।
महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। यदि योजना की राशि में ही गड़बड़ी के आरोप सामने आते हैं, तो यह न केवल बैंकिंग तंत्र बल्कि योजना की पारदर्शिता पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि बैंक प्रबंधन और संबंधित विभाग इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं तथा पीड़िता को न्याय कब तक मिलता है।
अनंत कुमार,बैंक मैनेजर छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा चन्द्रमेढ़ा।
प्राप्त आवेदन को संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारी से तीन दिवस के भीतर जवाब तलब किया गया है। निर्धारित समय-सीमा में स्पष्टीकरण प्राप्त होने के उपरांत पूरे प्रकरण की विधिवत जांच कराई जाएगी। जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।



