सुरजपुर

खाड़ा पारा पेट्रोल पंप में बवाल:शराब,स्टंट और मारपीट का तांडव

भारत सम्मान/फिरोज खान/भैयाथान:- जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए थाना झिलमिली पुलिस ने खाड़ापारा स्थित कल्याण पेट्रोल पंप परिसर में शराब पीकर उत्पात मचाने, नशे में वाहन चलाने, खतरनाक स्टंट करने और कर्मचारियों से मारपीट करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 कार जप्त की है।

यह पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के स्पष्ट निर्देशों के तहत की गई, जिसमें थाना झिलमिली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की।

दिनांक 28.02.2026 की रात्रि थाना झिलमिली पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम खाड़ापारा स्थित कल्याण पेट्रोल पंप में कुछ युवक शराब पीकर विवाद और उत्पात मचा रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि निर्मल जायसवाल (29 वर्ष), प्रीतम दुबे (35 वर्ष), सूरज सिंह (29 वर्ष) सभी निवासी ग्राम बड़सरा, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर हंगामा कर रहे थे।

मुलाहिजा उपरांत शराब सेवन की पुष्टि होने पर तीनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 41/26, धारा 36-च (2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी दौरान उनका साथी अजय चक्रधारी (32 वर्ष) अपनी बलेनो कार क्रमांक CG 15 EC 8112 से शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया, जिसके विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पेट्रोल पंप कर्मचारी राहुल राजवाड़े की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया कि कार क्रमांक CG 29 F 9996 के चालक अजय चक्रधारी एवं उसके साथियों ने तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाया, पेट्रोल पंप परिसर में खतरनाक तरीके से प्रवेश किया, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी। हाथ-मुक्का से मारपीट की, इस मामले में चारों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 42/26, धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5), 281 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

एक अन्य शिकायत में पेट्रोल पंप कर्मचारी रिंकू राजवाड़े ने बताया कि दिनांक 22.02.2026 को भी अजय चक्रधारी अपनी कार तेज गति से लाकर दरवाजे खोलकर एवं सनरूफ से बाहर निकलकर गाना बजाते हुए हंगामा कर रहा था। इस पर अपराध क्रमांक 43/26, धारा 281, 296, 3(5) बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 201 के तहत मामला दर्ज किया गया।

थाना झिलमिली पुलिस ने त्वरित विवेचना करते हुए निर्मल जायसवाल, प्रीतम दुबे
सूरज सिंह, अजय चक्रधारी सभी निवासी ग्राम बड़सरा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा तथा 3 कारों को जप्त किया है।

डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

थाना झिलमिली की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थान पर शराब, स्टंट और गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे में वाहन चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। कानून तोड़ने वालों के लिए सूरजपुर में कोई रियायत नहीं। जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button