स्वास्थ्य कर्मचारियों के हितों को मिलेगी नई धार : विमल मिंज बने छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष

कोरिया । भारत सम्मान । सब्बीर मोमिन
छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने कोरिया जिले में अपनी संगठनात्मक मजबूती को और सुदृढ़ करते हुए विमल मिंज को जिलाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्ति संघ के प्रांताध्यक्ष अनिल पाण्डेय के मार्गदर्शन में 19 दिसंबर 2025 को आयोजित विशेष प्रांतीय बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में आर.पी. गौतम (प्रांतीय सचिव), एस.एस. जयसवाल (निवर्तमान जिलाध्यक्ष) तथा एस.एस. राजवाड़े (प्रांतीय संगठन सचिव) विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश भर के स्वास्थ्य कर्मचारियों की समस्याओं, संगठन की सक्रियता और भविष्य की रणनीति पर गहन चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से हुआ नेतृत्व परिवर्तन
बैठक में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की बढ़ती चुनौतियों और जमीनी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए ऊर्जावान, संघर्षशील और जमीनी नेतृत्व की आवश्यकता है। इसी दृष्टिकोण के तहत विमल मिंज को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रांताध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने जताया विश्वास
नियुक्ति पत्र जारी करते हुए प्रांताध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने कहा,
“विमल मिंज लंबे समय से स्वास्थ्य कर्मियों के अधिकारों और सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करते रहे हैं। उनकी कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। हमें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में जिला इकाई और अधिक सशक्त होगी तथा कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा।”

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विमल मिंज का विज़न
पदभार ग्रहण करने के पश्चात विमल मिंज ने समर्थकों एवं मीडिया को संबोधित करते हुए कहा,
“मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता पर संगठन ने जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं हृदय से आभारी हूं। यह पद मेरे लिए सम्मान से अधिक, हजारों स्वास्थ्य कर्मियों की सेवा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प है।”
उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि—
कर्मचारी हित सर्वोपरि रहेंगे वेतन विसंगति, भत्तों एवं सुविधाओं से जुड़े मामलों को शासन तक मजबूती से उठाया जाएगा प्रशासन और कर्मचारियों के बीच संवाद सेतु बनकर समस्याओं का समाधान किया जाएगा
सुरक्षा और सम्मान पर कोई समझौता नहीं
विमल मिंज ने दो टूक कहा कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा संघ की रेड-लाइन है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संघ एक ऐसा कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष करेगा, जहां हर स्वास्थ्य कर्मी सम्मान और निर्भयता के साथ अपनी सेवाएं दे सके।
संगठन की एकजुटता पर ज़ोर
उन्होंने जिले के समस्त स्वास्थ्य कर्मियों—नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल एवं मैदानी कर्मचारियों—से अपील की कि वे व्यक्तिगत मतभेदों को दरकिनार कर संगठन के झंडे तले एकजुट हों। “जब हम एक स्वर में बोलेंगे, तो हमारी मांगों की अनदेखी संभव नहीं होगी,” उन्होंने कहा।
दिलीप पाण्डेय बने सोनहत ब्लॉक अध्यक्ष
सोनहत विकासखंड में दिलीप पाण्डेय को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा, भत्तों का भुगतान और संसाधनों की उपलब्धता उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
बैकुंठपुर में भव्य शपथ ग्रहण समारोह
31 जनवरी को बैकुंठपुर स्थित सांस्कृतिक भवन में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां एक ही मंच पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर जयसवाल को भावभीनी विदाई दी गई और नए पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर—
अमरनाथ साहू (बैकुंठपुर) रोशन कुमार (बचरापोंडी) को विकासखंड अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई गई।
साथ ही बृज कुमार साहू को सर्वसम्मति से कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कर्मचारियों में उत्साह
कार्यक्रम में सोनहत, बैकुंठपुर, बचरापोंडी एवं जिला चिकित्सालय के बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं में नए नेतृत्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कर्मचारियों का मानना है कि विमल मिंज के अनुभव और संघर्षशील नेतृत्व से न केवल संगठन मजबूत होगा, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों के मनोबल में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।



