सुरजपुर

प्रस्तावित कोयला खदान के विरोध में ग्रामवासियों का आक्रोश,कांग्रेस नेता सुरेश आयाम ने जताया विरोध।

भारत सम्मान/सूरजपुर/युसूफ मोमिन-प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम कनकनगर एवं बड़वार में प्रस्तावित कोयला खदान को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कोयला खदान शुरू होने से उनकी कृषि भूमि और जन्मभूमि छिन जाएगी, जिसके कारण उनकी आजीविका पर संकट आ जाएगा। वहीं इस मुद्दे पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मुखर हो गए हैं।
जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 11 एवं आदिवासी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश कुमार आयाम ने स्पष्ट कहा है कि वे ग्रामवासियों की भावनाओं और मंशा के अनुरूप इस खदान का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि यह खदान केवल कुछ लोगों के हित के लिए खोली जा रही है, जबकि इसका सबसे बड़ा खामियाजा आदिवासी समाज और किसानों को भुगतना पड़ेगा।

श्री आयाम ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार सरगुजा के आदिवासियों की पहचान और अस्तित्व पर हमला कर रही है। उन्होंने कहा—
“सरकार धीरे-धीरे हमारे जल, जंगल, जमीन के साथ-साथ हमारी पहचान को भी मिटाने का काम कर रही है। कोयला खदान खोलकर आदिवासियों को उनकी पुश्तैनी जमीन और पर्यावरण से वंचित किया जा रहा है।”ग्रामवासियों का कहना है कि खदान खुलने से विस्थापन, प्रदूषण और खेती-किसानी पर असर पड़ेगा। वहीं गांव के पारंपरिक रीति-रिवाज और सांस्कृतिक धरोहर पर भी संकट आ खड़ा होगा। ग्रामीणों ने संकल्प लिया है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन और अधिकारों को छिनने नहीं देंगे।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि वे अपने जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करेंगे। कांग्रेस नेता सुरेश आयाम ने आश्वासन दिया कि वे हमेशा ग्रामीणों के साथ खड़े रहेंगे और इस प्रस्तावित खदान के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेंंगे।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button