अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी

कलेक्टर ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील।
राहुल गुप्ता /बलरामपुर-रामानुजगंज। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने तथा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास में जिले की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जिले के लिए गौरव का विषय है और प्रत्येक नागरिक को इसका हिस्सा बनना चाहिए।
उन्होंने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया। साथ ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास को सफल बनाने के लिए सभी से पंजीयन कराने की अपील की।
कलेक्टर ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800 315 7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन करा सकते हैं। पंजीयन के माध्यम से प्रतिभागी इस विशेष जन-अभियान का हिस्सा बन सकेंगे। देशभर में योग दिवस को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा इसी क्रम में बड़े स्तर पर विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। योग के नियमित अभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से बचाव संभव है तथा व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है। योग दिवस का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर जिले को नई पहचान दिलाने तथा विश्व रिकॉर्ड के इस प्रयास को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।



