छत्तीसगढ़

एक माह से बंद पड़ा ‘आदित्य नीर’ यात्रियों को नहीं मिल रहा शुद्ध पेयजल

हिंडालको के अधिकारियों की नजरों के सामने जर्जर हुई सुविधा,लोगों में नाराजगी।

भारत सम्मान/सामरी/राहुल गुप्ता:- सामरी के हृदय स्थल स्थित बस स्टैंड में यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हिंडालको कंपनी द्वारा स्थापित किया गया ‘आदित्य नीर’ जल केंद्र पिछले लगभग एक महीने से बंद पड़ा हुआ है। भीषण गर्मी के बीच पेयजल सुविधा ठप होने से यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हिंडालको कंपनी ने सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत इस पेयजल सुविधा की स्थापना तो कर दी, लेकिन उसके रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वर्तमान में ‘आदित्य नीर’ की स्थिति जर्जर हो चुकी है और मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके कारण बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो रहा है।

हैरानी की बात यह है कि हिंडालको कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी इसी मार्ग से प्रतिदिन आवागमन करते हैं, लेकिन बंद पड़ी इस महत्वपूर्ण जनसुविधा की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि कंपनी समय-समय पर इसकी निगरानी और मरम्मत कराती, तो यात्रियों को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ता।
क्षेत्रवासियों ने हिंडालको प्रबंधन से मांग की है कि बंद पड़े ‘आदित्य नीर’ को तत्काल चालू कराया जाए तथा इसके नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बस स्टैंड आने वाले हजारों यात्रियों को फिर से शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके। बस स्टैंड पर बुनियादी सुविधाओं की कमी और रखरखाव की समस्याओं को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस संबंध में हिंडालको कंपनी के जीएम राजेश राठौर से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका और उनका फोन रिसीव नहीं हो पाया।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button