शंकरगढ़–कुसमी के किसानों की खाद समस्या मुख्यमंत्री तक पहुंची, सामरी विधायक ने की त्वरित समाधान की मांग

भारत सम्मान/कुसमी/राहुल गुप्ता:- खरीफ सीजन के बीच शंकरगढ़–कुसमी क्षेत्र में किसानों के सामने उत्पन्न खाद संकट को लेकर सामरी विधानसभा की विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने अंबिकापुर स्थित सर्किट हाउस में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।
विधायक श्रीमती पैकरा ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र के अनेक किसान खाद की कमी से जूझ रहे हैं, जिससे खेती-किसानी के कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने किसानों की चिंता व्यक्त करते हुए मांग की कि शंकरगढ़ एवं कुसमी क्षेत्र की सहकारी समितियों और वितरण केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को समय पर आवश्यक उर्वरक मिल सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक की बात को गंभीरता से सुनते हुए किसानों की समस्या के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्र के किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। किसानों का मानना है कि यदि शीघ्र खाद उपलब्ध हो जाती है तो खरीफ सीजन की बुवाई और कृषि कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगे। विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने भी विश्वास जताया कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगी।



