छत्तीसगढ़

कुसमी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन मजबूती का संकल्प

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ सरकार पर बोला हमला।

संगठन सृजन अभियान को गति देने के साथ बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा

भारत सम्मान/कुसमी/राहुल गुप्ता :ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी द्वारा 18 जून 2026 को आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी के विस्तार तथा जनहित के मुद्दों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। सम्मेलन में कांग्रेस नेताओं ने जहां संगठन सृजन अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया, वहीं प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली दरों एवं स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर के अध्यक्ष हरियर प्रसाद यादव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी अध्यक्ष हरिश मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जे. पी. श्रीवास्तव, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लालसाय मिंज, प्रदेश सचिव रामदेव जगते, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चांदो अध्यक्ष मोहम्मद अब्दुल्ला खान सहित कांग्रेस परिवार के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, बूथ लेवल एजेंट (BLA), सेक्टर प्रभारी, जोन प्रभारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में नव नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा संगठन को गांव-गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

बिजली दरों में बढ़ोतरी को बताया जनता पर आर्थिक बोझ।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पांचवीं बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है। किसानों को मिलने वाली बिजली की दरों में भी वृद्धि कर कृषि क्षेत्र पर अतिरिक्त भार डाला गया है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पहले से ही बढ़े हुए बिजली बिलों से जनता परेशान है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय लगातार बिजली दरें बढ़ा रही है। साथ ही हाल ही में विद्युत ईंधन अधिभार (एफपीपीएएस) के रूप में अतिरिक्त भार भी उपभोक्ताओं पर डाला गया है।

स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों पर उठाए सवाल।

कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। नेताओं का कहना था कि कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल सामान्य से तीन से चार गुना अधिक आ रहे हैं। पार्टी ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार (लोड) बढ़ाकर अतिरिक्त शुल्क और अर्थदंड वसूला जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस ली जाए, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा आम उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की जाए।

गांव-गांव तक पहुंचेगी कांग्रेस की विचारधारा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा, संविधान की रक्षा और जनता के अधिकारों की लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन सृजन अभियान को सफल बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button