सुरजपुर

महान नदी पुल पर जानलेवा खतरा, PWD की लापरवाही उजागर

भारत सम्मान/सूरजपुर/युसूफ मोमिन -प्रतापपुर ब्लॉक के भैसामुड़ा स्थित हाईवे पर बने महान नदी पुल की स्थिति इन दिनों बेहद खतरनाक हो गई है। पुल की खराब हालत और मरम्मत में लापरवाही का मामला सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा में है। पूर्व एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष विनय चौधरी द्वारा साझा की गई एक तस्वीर ने PWD विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रही तस्वीर में साफ़ दिखाई दे रहा है कि पुल के किनारे बने गहरे गड्ढों को भरने की जगह, विभाग ने केवल गिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी है। यह गिट्टी समय-समय पर सड़क पर फैल जाती है, जिससे बाइक और छोटे वाहन चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं। कई हादसे पहले ही हो चुके हैं, लेकिन अभी तक विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

विनय चौधरी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा —

“गड्ढे भरने के नाम पर पुल के किनारे गिट्टी डालना सड़क सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। यह गिट्टी आए दिन सड़क पर फैल जाती है और चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। विभाग की यह लापरवाही किसी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।”

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने भी इस समस्या पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पुल पर रोज़ाना भारी वाहनों का आवागमन होता है, और ऐसे में यह गड्ढे और गिट्टी यात्रियों के लिए मौत का जाल साबित हो सकते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और PWD विभाग से तुरंत पुल की सही मरम्मत करने और किनारे पड़ी गिट्टी हटाने की मांग की है।

लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह मामला न केवल विभागीय लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार एजेंसियां कितनी उदासीन हैं।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button