पंचायत सचिव पर गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप,सरपंच पति को महंगी बाइक गिफ्ट

ग्रामीणों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग।
भारत सम्मान/सूरजपुर/युसूफ मोमिन– जिले के जनपद प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत श्याम नगर से एक बड़ा भ्रष्टाचार उजागर हुआ है। ग्रामीणों ने पंचायत सचिव कमला प्रसाद ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शासकीय मद से लाखों रुपए की हेराफेरी कर सरपंच पति को महंगी व स्टाइलिश बाइक गिफ्ट की गई है। इस सनसनीखेज मामले से पूरे पंचायत क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार पंचायत सचिव द्वारा शासकीय मद से लगभग 8 लाख रुपए की अनियमित व्यय राशि की गई है। पंचायत के पंच और उपसरपंच को किसी भी खर्च की जानकारी नहीं दी गई, ग्रामीणों का कहना है कि सचिव और सरपंच पति के बीच सांठगांठ कर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।

बाइक गिफ्ट पर बवाल..
ग्रामीणों ने यह भी खुलासा किया कि भ्रष्टाचार के पैसों से सरपंच पति को महंगी बाइक भेंट की गई है। इस बात की जानकारी गांव में फैलते ही लोगों में आक्रोश और नाराजगी और बढ़ गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह सिर्फ “छोटी मोटी गड़बड़ी” नहीं, बल्कि सुनियोजित और सिस्टमेटिक भ्रष्टाचार का खेल है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पंचायत सचिव व संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
ग्रामवासियों का कहना है —
“सरकारी राशि जनता की सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए होती है, लेकिन सचिव और सरपंच पति ने इसका दुरुपयोग कर निजी ऐशोआराम के साधन जुटाए हैं। यह लोकतंत्र और पंचायत व्यवस्था का सीधा अपमान है।”



