सुरजपुर

भैयाथान पण्डो जनजाति बाहुल्य ग्राम रजनी पहुंच मार्ग को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद अब समाधान की ओर

भारत सम्मान/सूरजपुर/फिरोज खान:- ग्राम पंचायत रजनी जनपद पंचायत भैयाथान का वह सड़क जिसे ग्रामीणों ने श्रमदान कर बनाया था जिसपर हाइड्रो पावर प्लांट ने अपने प्रोजेक्ट के लिए टरबाइन स्थापित कर दिया जिससे रास्ता बंद हो गया था,इसके बगल से मिट्टी मुरूम का वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था जो बरसात में बदहाल हो गई थी। बड़े-बड़े गड्ढे,उखड़ा मुरूम और पथरीले हिस्से ग्रामीणों के लिए खतरा बन गए थे । जिससे आवागमन ठप हो गया था,ओर जन जीवन पुरी तरह से प्रभावित हो रहा था
जनपद सदस्य प्रतिनिधि अभय प्रताप सिंह ने पंडों जनजाति की आवाज प्रशासन और कंपनी तक पहुँचाई। इसके बाद हाइड्रो पावर प्लांट प्रबंधन ने पहल करते हुए मिट्टी-मुरूम डालकर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। सड़क पर गड्ढों को भरने और समतलीकरण के लिए जेसीबी और डंपर लगातार काम में लगे हुए हैं।जिसके निरीक्षण में बीते बुधवार को जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह,भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू व पूर्व जनपद सदस्य अभय प्रताप सिंह पहुंचे थे।

ग्रामवासियों का कहना है कि यह मार्ग रजनी के लगभग 120 पण्डो परिवारों के लिए जीवनरेखा है, लेकिन वर्षों से इसकी उपेक्षा हो रही थी। बारिश में यह मार्ग दलदल और पत्थरों से भर जाता था, जिससे बच्चों की पढ़ाई, बीमारों का इलाज और जरूरी सामान की आपूर्ति में भारी दिक्कत आती थी। ग्रामीण देव साय पण्डो ने उम्मीद जताई है कि फिलहाल के लिए यह पहल ठीक है। लेकिन स्थाई समाधान पक्की सड़क है।जिससे बरसों से चली आ रही परेशानियों से मुक्ति मिलेगी और रजनी मार्ग फिर से सुगम यातायात के लिए तैयार हो जाएगा।

पक्की सड़क ही अंतिम समाधान– अभय प्रताप सिंह

रजनी के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या पर पूर्व जनपद सदस्य अभय प्रताप सिंह ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीणों के लिए पक्की सड़क का निर्माण ही स्थायी समाधान है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है। वर्तमान में आवागमन हेतु किए जा रहे वैकल्पिक इंतज़ाम का स्वागत करते हुए कहा कि जब तक पक्की सड़क नहीं बन जाती, संघर्ष जारी रहेगा। ग्रामीण भी इस मुद्दे पर एकजुट होकर अंतिम समाधान की मांग कर रहे हैं।

भाजपा नेताओं ने दिलाया भरोसा

जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह और मंडल अध्यक्ष सुनील साहू ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और पण्डो परिवार के साथ खड़ी है। बीते दिनों मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रेस्ट हाउस में वन विभाग, जल संसाधन विभाग व हाइड्रो पावर प्लांट के अधिकारियों की बैठक ली थी।
बैठक में ग्रामीणों के समक्ष फसल क्षति का समुचित मुआवजा और रजनी के ग्रामीणों के आवागमन हेतु तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button