छत्तीसगढ़

महिलाओं के खातों में करोड़ों का ट्रांजेक्शन : वि०स० चुनाव लड़ चुकी नारी शक्ति पार्टी की अध्यक्ष शोभा ठाकुर…

◆ खुद को समाजसेवी बताने वाली शोभा ने महिलाओं के खाते का सटोरियों से किया सौदा, हर महीने लेती थी 40 हजार??...

रायपुर  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गरीब महिलाओं को काम दिलाने का झांसा देकर ठगी करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। ऐसा करने वाली नारी शक्ति पार्टी की अध्यक्ष शोभा ठाकुर निकली। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि महिलाओं को रोजगार दिलाने के नाम पर पहले उनके खाते खुलवाए गए फिर उसमें लाखों का ट्रांजेक्शन किया गया। सैकड़ों महिलाओं से इसी पैटर्न पर 2.88 करोड़ से ज्यादा की ठगी कर ली गई। पिछले महीने ही कई वार्डों की महिलाओं ने इसी ठगी की शिकायत करते हुए पुरानी बस्ती थाने का घेराव किया था।

बताया जा रहा है कि, इन खातों में रोजाना सैकड़ों ट्रांजेक्शन होते रहे। वहीं दूसरे खातों में रकम ट्रांसफर भी होता था। हालांकि अब तक पैसे जमा करने और निकालने वाले कौन लोग हैं, इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शोभा ठाकुर ने महिलाओं के खाते खुलवाकर 17 करोड़ से भी ज्यादा की रकम जमा कराए थे।

पुरानी बस्ती पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, आरोपी शोभा ठाकुर रायपुर दक्षिण विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुकी है। उल्लेखनीय है कि, रायपुर के पुरानी बस्ती और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में महिलाओं को रोजगार दिलाने का झांसा देकर उनके आईडी प्रूफ से बैंक में सैकड़ों की संख्या में अकाउंट खुलवाकर करोड़ों रुपए का संदिग्ध ट्रांजेक्शन करने का मामला महिलाओं की शिकायत के बाद उजागर हुआ। पुरानी बस्ती पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर कथित तौर पर नारी संगठन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

ऐसी ही एक शिकायत सिविल लाइंस थाना में भी सामने आई है। पुलिस ने शोभा ठाकुर के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, बीएसयूपी कालोनी निवासी कोमल सेंद्रे तथा अन्य महिलाओं की शिकायत पर शोभा ठाकुर के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज की गई है। कोमल तथा अन्य महिलाओं ने पुलिस को बताया है कि शोभा ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर इंडिया हेल्प पाइंट डॉट कॉम, नारी शक्ति संगठन नाम से संस्था बनाकर उन्हें अपनी संस्था में जोड़ा। संस्था में जोड़ने के बाद महिलाओं से सदस्यता शुल्क लेकर रोजगार देने का झांसा दिया।

महिलाओं के मुताबिक, सदस्यता शुल्क लेने के बाद किसी तरह से रोजगार नहीं मिलने पर महिलाओं ने शोभा से संपर्क किया, तो उसने महिलाओं को अकाउंट खुलवाने के बाद रकम सीधे अकाउंट में जमा होने का झांसा दिया। इसके बाद शोभा ने महिलाओं की आईडी प्रूफ लेकर बैंक में अकाउंट खुलवाने के साथ उनके नाम से सिम कार्ड अलॉट कराया। अकाउंट खुलवाने के बाद बैंक पास बुक, एटीएम तथा सिम कार्ड शोभा ने अपने पास रख लिए। थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शोभा ठाकुर ने महिलाओं के नाम पर कर्नाटका बैंक में अकाउंट खुलवाया है, जिसमें 15 करोड़ रुपए से ज्यादा का ट्रांजेक्शन अब तक किया गया है।

शोभा ठाकुर के रजिस्टर में तीन सौ से ज्यादा महिलाएं सदस्य हैं। थाने में अभी केवल 14 महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई है। मामले की सही तरीके से पड़ताल करने पर सैकड़ों महिलाओं के नाम पर अकाउंट खोले जाने की जानकारी पुलिस को मिल सकती है और बैंक में ट्रांजेक्शन का आंकड़ा बढ़ सकता है। शोभा ठाकुर ने जिन गरीब तबके की महिलाओं के नाम से बैंक में अकाउंट खुलवाए हैं, उन अकाउंट में करोड़ों रुपए का ट्रांजेक्शन शोभा ने किनके लिए किया, यह अब तक स्पष्ट नहीं है। पुलिस ट्रांजेक्शन को लेकर बैंक से डिटेल लेने के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।

महादेव सट्टा एप तथा ऑनलाइन फ्रॉड की घटना में छत्तीसगढ़ के बैंक अकाउंट तथा सिम कार्ड के इस्तेमाल करने का मामला सामने आ चुका है। पुलिस को आशंका है कि शोभा ठाकुर ने महिलाओं को झांसे में लेकर उनके बैंक अकाउंट जालसाजी करने वाले या फिर महादेव सट्टा एप से जुड़े लोगों के लिए नहीं कर रही थी। पुलिस को शोभा के पास से सिम कार्ड तथा बैंक पास बुक बरामद नहीं हुआ है। इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि शोभा ने जिन महिलाओं के नाम से बैंक अकाउंट खुलवाने के साथ सिम कार्ड इश्यू कराया है, वह किसी को बेच तो नहीं दिया।

एक अन्य मामले में संतोषी नगर निवासी शेख जलालुद्दीन उनकी पत्नी तथा एक अन्य महिला सोनिया अग्रवाल ने सोहेल नामक व्यक्ति के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शेख जलालुद्दी ने अनुसार सोहेल ने संतोषी नगर, संजय नगर तथा भाठागांव की सैकड़ों महिलाओं के नाम से सिविल लाइंस स्थित एयू बैंक में अकाउंट खुलवाया है। इनका आरोप है की सोहेल ने घर बैठे रोजगार दिलाने का झांसा देकर उनके नाम से अकाउंट खुलवाकर एटीएम तथा पास बुक अपने पास रख लिया है। जिन लोगों के नाम से सोहेल ने अकाउंट खुलवाया है उन लोगों के नाम से अब तक 40 लाख रुपए ट्रांजेक्शन किया है।

Bharat Samman

Bharat Samman

Bharat Samman is a news group where you can find latest and trending news of Chhattisgarh and India. We also provide Bharat Samman daily e-newspaper where you can view, read and download our newspaper. भारत सम्मान एक समाचार समूह है जहाँ आप छत्तीसगढ़ और भारत की नवीनतम और ट्रेंडिंग खबरें पा सकते हैं। हम भारत सम्मान दैनिक ई-समाचार पत्र भी उपलब्ध कराते हैं जहाँ आप हमारे समाचार पत्र को देख, पढ़ और डाउनलोड कर सकते हैं। Website - www.bharatsamman.com Facebook Page - https://www.facebook.com/bharatsammannews?mibextid=ZbWKwL You tube channel - https://youtube.com/@bharatsammannews?si=gk8TPPO-BMVe2pAx Contact Nomber - 09424262547 , 09303890212 Email - [email protected] भारत सम्मान, हो जाओ सावधान...

Related Articles

Back to top button