योग दिवस पर महिलाओं ने दिया स्वास्थ्य का संदेश,प्रतापपुर में पूरे साल चलता है योग का अभियान

भारत सम्मान/सूरजपुर/युसूफ मोमिन-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर के स्थानीय सामुदायिक भवन में महिलाओं ने उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। सुबह आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में नगर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर विभिन्न योगासन, प्राणायाम और व्यायाम किए। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में महिलाओं ने शरीर और मन को स्वस्थ रखने वाले अनेक योग अभ्यास किए तथा योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि प्रतापपुर में योग केवल योग दिवस तक सीमित नहीं है। यहां नगर की सैकड़ों महिलाएं पूरे वर्ष प्रतिदिन सुबह 5 बजे स्थानीय सामुदायिक भवन में एकत्र होकर नियमित योगाभ्यास करती हैं। वर्षों से चल रही इस पहल ने अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। महिलाओं का कहना है कि नियमित योग करने से उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से लाभ मिला है तथा कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं में भी राहत मिली है।
योग दिवस पर उपस्थित महिलाओं ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद को भी दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योग से शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर महिलाओं ने पूरे प्रतापपुर सहित क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और निरोग जीवन के लिए योग सबसे सरल, सुलभ और प्रभावी माध्यम है। सामुदायिक भवन में प्रतिदिन होने वाला यह योग अभ्यास आज क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन चुका है। योग दिवस के अवसर पर महिलाओं की सहभागिता और उत्साह ने यह संदेश दिया कि नियमित योग ही स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल जीवन की कुंजी है।
इस दौरान चंद्रमणि देवी, निहारिका,ज्योति,पूजा ,दीपा, प्रियंका ,अनीता रानी,नसीमा कोमल, कविता,सीमा सहित भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी



