बलरामपुर

रक्षाबंधन पर विद्यार्थी परिषद की बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षा सूत्र

पुलिसकर्मियों के प्रति जताया सम्मान,थाना प्रभारी सुभाष कुजूर ने कहा-बच्चे ही देश का भविष्य हैं।

भारत सम्मान/कुसमी/राहुल गुप्ता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कुसमी इकाई द्वारा रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पुलिस थाना कुसमी में पुलिसकर्मियों के साथ आत्मीयता एवं सम्मानपूर्वक रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद की बहनों ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में कुसमी थाना प्रभारी सुभाष कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर मंत्री नैतिक गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रमुख शिवम गुप्ता, परिषद के अन्य कार्यकर्ता एवं 10 से अधिक बहनें उपस्थित रहीं।

थाना प्रभारी बोले-बच्चे ही देश का भविष्य हैं

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सुभाष कुजूर ने उपस्थित बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और अपने जीवन में आगे बढ़कर देश एवं समाज का नाम रोशन करना चाहिए।

उन्होंने बच्चों से कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर बिना किसी संकोच के पुलिस प्रशासन को किसी भी माध्यम से सूचित करना चाहिए। पुलिस प्रशासन उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

एक साथ इतनी बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाकर हुआ अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव।

थाना प्रभारी सुभाष कुजूर ने कहा कि एक साथ इतनी सारी बहनों के साथ रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व को मनाने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने सभी बहनों को उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

उन्होंने रक्षा सूत्र बांधने वाली सभी बहनों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।

साइबर जागरूकता अभियान के तहत दी महत्वपूर्ण जानकारी।

कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने बच्चों को साइबर जागरूकता अभियान के तहत साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों से सावधान रहने की सलाह दी।

उन्होंने बच्चों को साइबर अपराध से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी देते हुए इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की स्थिति में तत्काल उचित माध्यम से सूचना देने की बात कही।

त्योहारों में भी कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मियों का किया सम्मान।

रक्षा सूत्र बांधते हुए बहनों ने पुलिसकर्मियों से समाज एवं राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की कामना की। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार और त्योहारों से दूर रहकर भी समाज की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। इसी सेवा भावना के प्रति सम्मान प्रकट करने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया।

सेवा, सुरक्षा और सामाजिक समरसता का दिया संदेश।

विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं है, बल्कि यह रक्षा, विश्वास, कर्तव्य और सामाजिक दायित्व की भावना को भी मजबूत करता है। समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों के साथ यह पर्व मनाकर परिषद ने उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, सुरक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button