नशे के खिलाफ भटगांव में जनजागरण,विद्यार्थियों को बनाया गया बदलाव का वाहक

भारत सम्मान/भटगांव/फिरोज खान:-युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से थाना भटगांव द्वारा एडीजुबली मेमोरियल पब्लिक स्कूल भटगांव में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत भटगांव की अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, सड़क सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के जीवन की सबसे बड़ी बाधाओं में से एक है, जो उनके सपनों और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बालिग होने से पहले वाहन नहीं चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की सीख भी दी गई। साथ ही बच्चों को अपने परिजनों को सुरक्षित वाहन संचालन और नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े ने कहा कि नशा किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करने वाली गंभीर सामाजिक बुराई है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्ति अभियान के सक्रिय सहभागी बनकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान थाना भटगांव स्टॉफ के द्वारा नशीले इंजेक्शन, नशीली टेबलेट, शराब, गांजा सहित विभिन्न मादक पदार्थों का प्रदर्शन कर उनके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से व्यक्ति को कमजोर बनाता है तथा परिवारों को बिखेर देता है। इसके साथ ही नशीले पदार्थों से होने वाले नुकसान और उनके दुष्परिणामों को उदाहरणों के माध्यम से विस्तार से समझाया गया।

अभियान के तहत रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी कला और विचारों के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार सहित अन्य प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े, पार्षदगण,विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा, पुलिस स्टाफ,स्थानीय पत्रकार तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने का प्रभावी संदेश दिया गया।



