10 लाख की पुलिया निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल,ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

भारत सम्मान/कुसमी/राहुल गुप्ता। ग्राम पंचायत कंजिया में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुलिया को लेकर ग्रामीणों ने गुणवत्ता संबंधी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे पुलिया की मजबूती और टिकाऊपन पर असर पड़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि पुलिया निर्माण में 20 एमएम गिट्टी के स्थान पर अन्य सामग्री का उपयोग किया गया है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि….
निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत राशि का एक हिस्सा जारी किया जा चुका है, जबकि कार्य अभी पूर्ण नहीं हुआ है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में कमजोर निर्माण होने पर पुलिया को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे आवागमन प्रभावित हो सकता है।

इस संबंध में संबंधित विभाग के इंजीनियर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
वहीं,जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक पांडेय ने कहा–
कि मामले की जानकारी मिली है और आवश्यक परीक्षण के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, ताकि सरकारी राशि का सदुपयोग हो और आम जनता को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।



