जनपद पंचायत प्रतापपुर कार्यालय का 17 सितंबर को घेराव

तालाबंदी करेगा सरपंच संघ एवं जनपद सदस्य संघ
भारत सम्मान/सूरजपुर/युसूफ मोमिन– जनपद पंचायत प्रतापपुर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी का प्रभार हस्तांतरित नहीं होने से सरपंच संघ एवं जनपद सदस्य संघ ने आक्रोश व्यक्त किया है। संघ द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रतापपुर को सौंपे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि शीघ्र ही प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की जाती है, तो दिनांक 17 सितम्बर 2025, बुधवार को जनपद पंचायत प्रतापपुर कार्यालय का घेराव एवं तालाबंदी की जाएगी।

कलेक्टर सूरजपुर द्वारा 14 अगस्त 2025 को आदेश जारी कर श्री जय गोविन्द गुप्ता को मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतापपुर नियुक्त किया गया था। उन्होंने 16 अगस्त को विधिवत कार्यभार ग्रहण भी कर लिया है। इसके बावजूद तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नृपेन्द्र सिंह द्वारा अब तक प्रभार नहीं सौंपा गया है।

संघ का आरोप है कि उच्च अधिकारियों की जानकारी एवं संरक्षण के बावजूद डॉ. सिंह लगातार प्रभार हस्तांतरण में टालमटोल कर रहे हैं। इस कारण जनपद पंचायत प्रतापपुर के अंतर्गत आने वाले 101 ग्राम पंचायतों का कार्य पूर्णतः ठप पड़ा हुआ है। इस स्थिति से ग्रामीण अंचल के लोग और जनप्रतिनिधि दोनों ही परेशान हैं।

पूर्व में भी सरपंच संघ एवं जनपद सदस्य संघ ने जिला कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मिलकर प्रभार सौंपे जाने की मांग की थी। परंतु ठोस पहल न होने के कारण अब संघ ने आंदोलन का रास्ता चुनने का निर्णय लिया है।
संघ पदाधिकारीगण :
अध्यक्ष: श्रीमती सुरनेखा पैकरा (केराम)
उपाध्यक्ष: शेषनाथ सिंह (मो. 7489362323), मो. (मो. 6261052343)
कोषाध्यक्ष: श्रीमती पिंकी टेकाम (मो. 9754832497)
सचिव: हेमकल्याण सिंह (मो. 7879127226)
संघ ने कहा है कि यदि 17 सितम्बर को जनपद कार्यालय का घेराव एवं तालाबंदी की जाती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रतापपुर को भी विधिवत सूचना प्रेषित कर दी गई है।


