विकासखंड कुसमी में MBU (Mandatory Biometric Update) कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण

भारत सम्मान/कुसमी/राहुल गुप्ता। कलेक्टर के निर्देश एवं जिला शिक्षा अधिकारी मानी राम यादव के मार्गदर्शन में विकासखंड कुसमी में विद्यार्थियों के आधार संबंधी अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुसमी के नेतृत्व में संकुल समन्वयकों, प्रधान पाठकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। विशेष अभियान चलाकर पात्र विद्यार्थियों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट कराए गए, जिससे लगभग सभी विद्यार्थियों का MBU कार्य पूर्ण हो गया।
अधिकारियों के अनुसार केवल कुछ ऐसे प्रकरण शेष हैं, जिनमें तकनीकी कारणों से फिंगरप्रिंट सत्यापन में समस्या आ रही है। इन मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए सभी प्रधान पाठकों, शिक्षकों, संकुल समन्वयकों एवं सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास, सतत मॉनिटरिंग एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के कारण यह लक्ष्य निर्धारित समय सीमा में प्राप्त किया जा सका।



