पक्की सड़क मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने की मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से मुलाकात

मानपुर चौक से केवटाली चौक होते हुए अघिना बगीचा तक पक्की सड़क की मांग।
भारत सम्मान/सूरजपुर/फिरोज खान:- आजादी के दशकों बितने के बाद भी जनपद पंचायत भैयाथान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटेया मानपुर चौक से केवटाली चौक होते हुए अघिनापुर बगीचा चौक तक पक्की सड़क के लिए लोग तरस रहे हैं, सरकार गांव में पक्की सड़क निर्माण कर मुख्य सड़क से जोड़ने की बात करती है, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ नहीं है चुनावी दावे सरकार बनते ही खोखले हो जाते हैं, मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली ग्राम पंचायत की कच्ची सड़क बरसात होते ही गड्ढे में तब्दील हो जाती है, बच्चों को स्कूल जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है ग्रामीणों का कहना है की बरसात के समय में सड़क पर जल जमाव की वजह से आवागमन पूरी तरह ठप हो जाती है।

बारिश के दिनों में हल्की बारिश से ही गांव की कच्ची सड़क पर कीचड़ हो जाती है जिससे दो पहिया एवं चार पहिया वाहन के अलावा पैदल चलना मुश्किल हो जाती है, गांव की समस्या को देखते हुए सक्रिय जनप्रतिनिधि अनुराग सिंह देव उप सरपंच केवटाली के नेतृत्व में कोटेया, मानपुर, अघिना पंचायत के प्रतिनिधि अमोद मिंज, कलेश्वर सिंह, श्रीमती आशा सोनपाकर ने श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आश्वासन दी है कि जल्द पक्की सड़क निर्माण कर समस्या का निराकरण किया जायेगा। मंत्री के ईस आश्वासन से ग्रामीणों मे एक उम्मीद जगी हैं, बहरहाल अब देखना यह होगा कि मंत्री के द्वारा दिया गया आश्वासन कितना कारगर साबित होता है।



