रायगढ़ की रीना वर्मा बनीं मिसेज इंडिया,बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

चार राउंड की कड़ी प्रतिस्पर्धा में बनीं विजेता,शिव ठाकरे, प्रिंस नरूला और अनुष्का सोन रहे आयोजन के आकर्षण।
भारत सम्मान/रायपुर। सपनों की कोई उम्र नहीं होती… हौसले बुलंद हों तो हर मंजि़ल आपकी होती है। इसी संदेश को साकार करते हुए रायगढ़ की गौरव, वर्मा वॉच हाउस परिवार के स्वर्गीय कालिका प्रसाद वर्मा की सुपुत्री रीना वर्मा ने ग्लैमरस प्रोडक्शन हाउस द्वारा 18 एवं 19 जुलाई को अनंत्या ग्रीन रिसॉर्ट, दुर्ग (छत्तीसगढ़) में आयोजित भव्य मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में प्रतिष्ठित मिसेज इंडिया का खिताब अपने नाम कर पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी प्रभावशाली प्रतिभा, आत्मविश्वास, गरिमामयी व्यक्तित्व और मंच पर उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए उन्हें मिसेज दिवा अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईं करीब 40 प्रतिभागी महिलाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता चार चरणों (राउंड) में आयोजित की गई, जिसमें प्रत्येक चरण में प्रतिभागियों की प्रतिभा, व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संवाद कौशल और मंच प्रस्तुति का मूल्यांकन किया गया। अंतिम चरण में चार फाइनलिस्ट का चयन हुआ, जिनमें रीना वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों का दिल जीत लिया और विजेता घोषित की गईं।
यह प्रतियोगिता केवल सौंदर्य का मंच नहीं थी, बल्कि आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, नेतृत्व और जीवन संघर्षों से आगे बढऩे की मिसाल भी बनी। इस भव्य आयोजन को और भी यादगार बनाने के लिए बिग बॉस विजेता शिव ठाकरे, एमटीवी रोडीज़ विजेता प्रिंस नरूला, फेमिना मिस इंडिया ईस्ट 2026 की अनुष्का सोन सहित कई प्रसिद्ध हस्तियां उपस्थित रहीं। इन सभी सेलिब्रिटीज़ की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा और उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया। रीना वर्मा की पहचान केवल एक विजेता के रूप में नहीं, बल्कि एक संवेदनशील समाजसेवी और प्रेरणादायी महिला नेतृत्वकर्ता के रूप में भी है। वे वर्टिस ग्लोबल में डायरेक्टर एवं इन्वेस्टर, अजितेवाला फाउंडेशन की नेशनल कोऑर्डिनेटर, आस्मा फाउंडेशन की चेयरमैन तथा स्पंदन (कैंसर मरीजों के लिए कार्यरत संस्था) की सक्रिय सदस्य हैं। शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयास अनेक लोगों के जीवन में आशा की नई किरण बने हैं।
हर महिला के लिए प्रेरणा बनीं रीना
रीना वर्मा इससे पूर्व चीफ ऑफ द आर्मी अवार्ड से भी सम्मानित हो चुकी हैं, जो उनके अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है। रीना वर्मा की सफलता हर महिला के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि उम्र कभी सपनों की सीमा नहीं बनती। जीवन के किसी भी पड़ाव पर आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ नई शुरुआत कर सफलता का शिखर छुआ जा सकता है।
बाक्स

रीना वर्मा ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान।
आज उनकी यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि रायगढ़, पूरे छत्तीसगढ़ और देश की प्रत्येक महिला के आत्मविश्वास की जीत है। रीना वर्मा ने यह संदेश दिया है कि एक महिला जब अपने सपनों पर विश्वास करती है, तो वह केवल अपनी तकदीर नहीं बदलती, बल्कि समाज के लिए भी नई प्रेरणा बन जाती है। रीना वर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे रायगढ़ एवं छत्तीसगढ़ में हर्ष का वातावरण है। सामाजिक, व्यावसायिक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता आने वाली पीढिय़ों की बेटियों और महिलाओं को अपने सपनों को नई उड़ान देने का साहस प्रदान करेगी।



