शासकीय कॉलेज बलरामपुर में गंदा पानी पीने को मजबूर छात्र, स्वास्थ्य संकट गहराया

छत्तीसगढ़, बलरामपुर / दिनांक: 15 मई 2025 – शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलरामपुर में पढ़ाई करने वाले छात्र आजकल गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। कॉलेज में पीने के लिए जो पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, वह न केवल गंदा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए खतरनाक भी साबित हो सकता है।
कॉलेज परिसर में लगे जलकूलर और पानी की टंकी की हालात देखकर किसी का भी मन घबराने लगे। टंकी के भीतर कीचड़ जमा है, पाइपों में जंग लगी हुई है और पानी में कीटाणु और मच्छर के लार्वा तैरते देखे गए हैं। बावजूद इसके, यही पानी छात्रों को पीने के लिए दिया जा रहा है।
छात्रों ने जताई नाराजगी…
छात्रों का कहना है कि कई बार इस मुद्दे को कॉलेज प्रशासन के सामने उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। एक छात्र ने बताया, “हमने कई बार शिकायत की, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। साफ पानी की व्यवस्था न होने से हमें डेंगू, टायफाइड और पीलिया जैसी बीमारियों का डर सताता है।”
प्रशासन से की गई अपील…
कॉलेज की इस लापरवाही से छात्र और अभिभावक दोनों चिंतित हैं। छात्रों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि जलकूलर और टंकी की तुरंत सफाई करवाई जाए, पानी के फिल्टर सिस्टम की जांच की जाए और नियमित रूप से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
यदि समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया, तो यह छात्रों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ साबित हो सकता है।



