तालकेश्वरपुर में अंतरराज्यीय रौनियार सम्मेलन सह होली मिलन कार्यक्रम सम्पन्न

वाड्रफनगर | रामहरी गुप्ता
जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के तालकेश्वरपुर में 15 मार्च 2026 को अखिल भारतीय रौनियार महासभा के बैनर तले अंतरराज्यीय रौनियार सम्मेलन सह होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से समाज के पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और समाज के मुद्दों पर विचार-विमर्श के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप जी की आरती के साथ की गई। इसके बाद बाहर से आए अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। सम्मेलन में समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अखिल भारतीय रौनियार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरवन प्रसाद गुप्ता (रांची), महासभा के उपाध्यक्ष गोपाल रौनियार, ऑल इंडिया रौनियार समाज के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. ए.के. गुप्ता, उपाध्यक्ष रामसहाय रौनियार, झारखंड प्रदेश के महासचिव बैजनाथ गुप्ता (गढ़वा) सहित कई गणमान्य प्रतिनिधि शामिल हुए।
इसके अलावा अखिल भारतीय रौनियार महासभा के आपदा प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष शंकर प्रसाद गुप्ता (रांची), रौनियार दर्पण पत्रिका के संस्थापक अध्यक्ष एवं समाजसेवी यतींद्र गुप्ता, रौनियार समाज छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, रौनियार भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता, युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष अमन गुप्ता, विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अधिवक्ता दिलीप गुप्ता (अंबिकापुर) सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
सम्मेलन में समाज की एकता और अखंडता को मजबूत करने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा रौनियार समाज को केंद्र की ओबीसी सूची में शामिल कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज के लोगों से शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तालकेश्वरपुर इकाई अध्यक्ष इंद्रजीत प्रसाद गुप्ता ने की। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और महिला प्रतिनिधियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



