पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त,अवैध बिक्री करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिले में ईंधन आपूर्ति की सतत निगरानी,नियंत्रण कक्ष जारी,आमजन से शिकायत करने की अपील।
भारत सम्मान/बलरामपुर/राहुल गुप्ता:-जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पेट्रोल पंपों पर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खाद्य विभाग, पुलिस विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम लगातार निरीक्षण अभियान चला रही है।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि पेट्रोल की आपूर्ति में आई अस्थायी बाधा को दूर करने के लिए संबंधित तेल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित रूप से ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित दर पर ही पेट्रोल-डीजल की बिक्री करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य अधिकारी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोतलों में अवैध रूप से पेट्रोल बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है और ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी या अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें। इसके लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 92026-08795 जारी किया गया है, जहां नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।



