बलरामपुर

जिला अस्पताल में दर्दनाक हादसा: भर्ती महिला छत से गिरने से मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इलाज के दौरान लापता हुई महिला अस्पताल परिसर में गंभीर हालत में मिली।

अंबिकापुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम।

भारत सम्मान/बलरामपुर/राहुल गुप्ता:- बलरामपुर जिला अस्पताल में एक दर्दनाक और संदिग्ध घटना सामने आई है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज के लिए भर्ती एक महिला की अस्पताल की छत से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

मृतका की पहचान कलेश्वरी (50 वर्ष), पति रामधनी, निवासी ग्राम सेंदुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, महिला को पेट दर्द और बुखार की शिकायत होने पर 27 अप्रैल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था।

रात में अचानक बेड से गायब हुई महिला

बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 2 बजे परिजनों की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि कलेश्वरी अपने बिस्तर पर मौजूद नहीं थीं। इसके बाद पति रामधनी और बेटी मंजू सिंह ने अस्पताल परिसर, बाथरूम और आसपास के वार्डों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।

कुछ देर बाद जब परिजन अस्पताल परिसर के नीचे पहुंचे, तो महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि वह अस्पताल की छत से गिर गई थीं।

गंभीर हालत में किया गया रेफर,रास्ते में मौत।

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल स्टाफ ने तत्काल महिला को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज में दिखी छत पर टहलती महिला।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) विजय सिंह ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें महिला देर रात अस्पताल की छत पर टहलते हुए दिखाई दे रही हैं। इसके बाद वह अचानक नीचे गिरती नजर आती हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह आधी रात को छत तक कैसे पहुंचीं और गिरने की असली वजह क्या थी।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।

घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि भर्ती मरीज रात के समय अस्पताल की छत तक कैसे पहुंच गईं और सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button