छत्तीसगढ़पत्रकारितालेख, आलेख, रचनाविधि व न्यायसरगुजा संभागसोशल मीडियाहेल्थ

PHC में डॉक्टर की लापरवाही का आरोप, CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर इलाज छोड़ निजी रूम रवाना, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा!

सूरजपुर | भारत सम्मान | फिरोज खान

जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका (अधीन) में स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने गंभीर हालत में तड़पते मरीज को छोड़कर अस्पताल से बाहर निकलकर निजी रूम का रुख कर लिया, जिससे मरीज की जान खतरे में पड़ गई। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

इलाज के लिए पहुंचा मरीज, लेकिन नहीं मिला उपचार

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 दिसंबर 2025 को शाम करीब 6:23 बजे, ग्राम कसकेला निवासी रवि यादव अपने पड़ोसी अजय विश्वकर्मा को गंभीर अवस्था में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका लेकर पहुंचे। मरीज तेज दर्द से कराह रहा था और तत्काल चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता थी।

आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद होने के बावजूद न तो मरीज का समुचित परीक्षण किया गया और न ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

ड्यूटी के दौरान अस्पताल छोड़ने का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डॉक्टर कुछ समय तक अस्पताल परिसर में मौजूद रहे, लेकिन बाद में अपनी महिला मित्र के साथ बिना किसी सूचना या वैकल्पिक व्यवस्था के अस्पताल से बाहर निकल गए। इसके बाद वे अपने निजी रूम चले गए। जबकि उस समय डॉक्टर की ऑन-काल ड्यूटी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित थी।

सरकारी नियमों का खुला उल्लंघन?

स्वास्थ्य विभाग के नियमों के अनुसार, ड्यूटी के समय डॉक्टर का अस्पताल छोड़ना गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। आरोप है कि इस दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोई वैकल्पिक चिकित्सकीय व्यवस्था नहीं की गई, जिससे मरीज की जान जोखिम में पड़ गई।

CCTV फुटेज बना बड़ा सबूत

मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब यह पूरा घटनाक्रम अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होना सामने आया। वीडियो के वायरल होते ही स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ गई और मामला मीडिया में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुआ।

कलेक्टर को शिकायत, कार्रवाई की मांग

इस पूरे मामले को लेकर आवेदक ने जिला कलेक्टर सूरजपुर को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यदि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर अपनी ड्यूटी निभाते, तो मरीज निजी अस्पताल जाने मजबुर नहीं होता।

आंदोलन की चेतावनी

आवेदन में यह भी स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर कार्रवाई नहीं की गई, तो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका के सामने क्रमिक भूख हड़ताल एवं चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

स्वास्थ्य विभाग का बयान

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी भैयाथान, जिला सूरजपुर ने कहा—

“आपके माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है। वास्तविक स्थिति की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।”

— राकेश सिंह, विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारी

अब सवाल यह उठता है कि—

क्या सरकारी अस्पतालों में तैनात डॉक्टर नदारत रहे स्वास्थ्य विभाग इस मामले में वास्तविक कार्रवाई करेगा, या यह भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबा दिया जाएगा? फिलहाल, जिले की जनता और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर लगाए हुए हैं।

Bharat Samman

Bharat Samman

यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा, अपराध, राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, खेल जगत, लाइफस्टाइल, बिजनेस, सेहत, ब्यूटी, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है। Disclaimer - समाचार से सम्बंधित किसी भी तरह के विवाद के लिए साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार/फोटो/विडियो आदि) शामिल होगी स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। न्यूज़ पोर्टल में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता/खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्यायक्षेत्र अम्बिकापुर होगा।

Related Articles

Back to top button