श्री अखंड नवधा रामायण एवं मानस गान सम्मेलन में सीएसपी डी.आर. टंडन हुए शामिल

रामनाम, भक्ति रस और सामाजिक समरसता से सराबोर हुआ बरतोरी गांव
बिलासपुर | बिल्हा | सुखनंदन बंजारे
धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम बरतोरी में आयोजित मानस गान सम्मेलन एवं श्री अखंड नवधा रामायण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर सीएसपी बिल्हा डी.आर. टंडन एवं बिल्हा प्रेस क्लब अध्यक्ष एस. प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
श्री अखंड नवधा रामायण एवं मानस मंडल सम्मेलन के दौरान संपूर्ण वातावरण राम नाम, भक्ति रस और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण नजर आया। रामचरितमानस के सस्वर पाठ, भावपूर्ण चौपाइयों और मधुर गायन ने श्रद्धालुओं को गहरे भक्ति भाव से जोड़ दिया। नवधा रामायण के निरंतर पाठ के माध्यम से राम कथा का प्रवाह पूरे आयोजन के दौरान बना रहा, जिससे उपस्थित श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति और आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति हुई।
कार्यक्रम में ग्राम बरतोरी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। जनसहभागिता ने आयोजन की भव्यता और गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएसपी डी.आर. टंडन ने कहा कि “रामचरितमानस और श्री अखंड नवधा रामायण जैसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की आत्मा हैं। ये केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को सत्य, मर्यादा, कर्तव्य, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाले जीवंत माध्यम हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि नवधा भक्ति के नौ स्वरूप व्यक्ति के जीवन में श्रद्धा, विश्वास, अनुशासन और आत्मसंयम का विकास करते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक सोच और आपसी सौहार्द का निर्माण होता है। सीएसपी टंडन ने कहा कि आज के समय में जब सामाजिक जीवन अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है, तब इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों एवं ग्रामवासियों द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया और समाज में इस तरह के आयोजनों को निरंतर बनाए रखने का संकल्प लिया गया।



