मध्यप्रदेश सम्मान

जिला स्तरीय जनसुनवाई में 64 आवेदनों पर हुई सुनवाई

कलेक्टर रत्नाकर झा ने अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के दिए निर्देश।

भारत सम्मान/अनूपपुर। कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आज जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर रत्नाकर झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में प्राप्त 64 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में तहसील पुष्पराजगढ़, ग्राम कोहका निवासी श्रीमती आरती चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने, तहसील अनूपपुर, ग्राम छिल्पा निवासी मुकेश कुमार तिवारी ने अपने पिता के नाम दर्ज भूमि में धान की फसल का पंजीयन एवं फसल बीमा नहीं हो पाने संबंधी समस्या के निराकरण तथा तहसील पुष्पराजगढ़, ग्राम किरगी निवासी श्रीमती रानू चंद्रवंशी ने मनिहारी दुकान के लिए भूमि उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी प्रकार तहसील जैतहरी, ग्राम पाटन निवासी श्री हीरालाल प्रजापति ने राशन उपलब्ध कराने, तहसील पुष्पराजगढ़, ग्राम बसनिहा निवासी श्री सुरेश प्रसाद गुप्ता ने अधिक बिजली बिल आने तथा तहसील अनूपपुर, वार्ड क्रमांक 14 निवासी श्री बलराम वर्मा ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाए जाने संबंधी आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया।

जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री बलबीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही की।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button