बलरामपुर

कुसमी में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सौंपा गया ज्ञापन

गौ रक्षा और संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने की मांग।

राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री,मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम प्रशासन के माध्यम से भेजा गया आवेदन।

गौवंश संरक्षण हेतु ठोस नीति बनाने की उठी मांग

भारत सम्मान/कुसमी/राहुल गुप्ता:- कुसमी क्षेत्र में ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत गौ रक्षा, संरक्षण और संवर्धन को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। अभियान से जुड़े गौ-सेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने तहसील स्तर पर प्रशासन के माध्यम से अपनी मांग देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय कुसमी पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम संबोधित किया गया है।

ज्ञापन में गौवंश की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि भारतीय संस्कृति, कृषि व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संतुलन में गाय का विशेष महत्व रहा है। सदियों से भारतीय परंपराओं और ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा रही गौवंश आज पर्याप्त संरक्षण और संवर्धन के अभाव में असुरक्षित होती जा रही है। इससे न केवल सांस्कृतिक विरासत प्रभावित हो रही है, बल्कि पर्यावरणीय और आर्थिक संतुलन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

अभियान से जुड़े लोगों ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से आग्रह किया है कि गौवंश की सुरक्षा, देखभाल और संवर्धन के लिए प्रभावी नीतियां बनाई जाएं। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि देशभर में गौशालाओं की स्थिति मजबूत की जाए, आवारा गौवंश के संरक्षण के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए तथा गौ-सेवा को संस्थागत रूप से बढ़ावा दिया जाए।

ज्ञापन सौंपने वाले नागरिकों ने तहसीलदार, एसडीएम और जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि इस मांग को शीघ्र ही राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए, ताकि इस दिशा में ठोस निर्णय लिए जा सकें।

अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि गौ रक्षा केवल धार्मिक या भावनात्मक विषय नहीं है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक विरासत, कृषि व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दा है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्र के कई गौ-सेवक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में गौवंश संरक्षण को राष्ट्रीय प्राथमिकता घोषित करने और इसके लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग दोहराई।

Bharat Samman

Related Articles

Back to top button