राजपुर पुलिस ने चोरी के मामले का किया खुलासा,आरोपी गिरफ्तार

चोरी की मोटरसाइकिल व सामान बरामद।
घर में काम करने वाले रिश्तेदार ने ही दिया चोरी की वारदात को अंजाम,पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला मामला
भारत सम्मान/राजपुर/राहुल गुप्ता:-थाना राजपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भगवान सिंह पिता शिवलाल, निवासी ग्राम जमापारा थाना लुंड्रा जिला सरगुजा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि जनवरी 2026 से उनका रिश्तेदार भोला राम उनके घर में कार्य कर रहा था। 21 अप्रैल 2026 की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। देर रात लगभग 2:30 बजे जब उनका पुत्र उठा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला।
इसके बाद घर की जांच करने पर पता चला कि घर में खड़ी दो मोटरसाइकिलों में से एक मोटरसाइकिल (CG 30U 6989) गायब थी। साथ ही कमरे में रखे 70 हजार रुपये नगद, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन तथा अन्य सामान भी चोरी हो चुका था। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई।
मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना राजपुर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर घर में काम कर रहे भोला राम पर शक गहराया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी गई मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी भोला राम पिता धीरेन्द्र सिंह, उम्र 23 वर्ष, निवासी जमापारा थाना लुंड्रा जिला सरगुजा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस टीम के सउनि अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक राजेंद्र ध्रुव, आरक्षक सुखराम कुजूर एवं सैनिक खुशवंत गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई से चोरी के इस मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया।



