प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका अघिना बना राज्य में नंबर-1, NQAS मूल्यांकन में मिला 94.86% अंक

सरगुजा/सूरजपुर, छत्तीसगढ़। फिरोज खान
जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए यह गौरव का क्षण है — प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) सलका अघिना ने नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) मूल्यांकन में 94.86% अंक प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से पूरे विभाग और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।
केंद्रीय असेसमेंट टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में अस्पताल की स्वच्छता, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, शौचालय व्यवस्था, इमरजेंसी सेवाएँ, मरीजों के लिए सुविधाएं, डिस्प्ले सिस्टम और समुचित प्रशासनिक प्रबंधन को मानकों के अनुरूप पाया गया। इसी के आधार पर यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह सफलता जिला कलेक्टर एस. जयवर्धन के दिशा-निर्देशन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के मार्गदर्शन और जिला सलाहकार श्रीमती शुभम श्रीवास्तव के सहयोग से संभव हो सकी। खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह और ब्लॉक कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती कंचन जायसवाल के नेतृत्व में इस केंद्र ने उत्कृष्ट कार्य किया।
प्रभारी चिकित्सक डॉ. रविकरण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस उपलब्धि में डॉ. अनिल शर्मा सहित पीएचसी व सेक्टर स्टाफ की मेहनत और टीम भावना का विशेष योगदान है।
NQAS ब्लॉक नोडल टीम के श्री तोपान सिंह दायमा (इंटर्नल एसेसर), मीना राजवाड़े, कमलेश सोनी, सुशीला प्रधान, साथ ही मितानिन और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग सराहनीय रहा।
इस उपलब्धि में जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, मीडिया प्रभारियों और आम जनता का भी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष सहयोग रहा है। सभी के विश्वास और समर्थन से आज यह अस्पताल “आरोग्य मंदिर” के रूप में एक आदर्श बनकर उभरा है।
NQAS की टीम ने सलका अघिना स्वास्थ्य केंद्र में निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की थी, जिसे “मानक अनुरूप” पाते हुए केंद्र को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दी गई। जैसे ही इस उपलब्धि की जानकारी मिली, पूरे स्वास्थ्य विभाग में उत्सव का माहौल बन गया।



