अपराधछत्तीसगढ़पत्रकारितालेख, आलेख, रचनाविधि व न्यायसरगुजा संभागसोशल मीडिया

थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप: सीमेंट चोरी मामले में मुख्य आरोपियों को छोड़ने और अवैध वसूली के आरोप से बढ़ा आक्रोश

भारत सम्मान | रामहरी गुप्ता | विशेष रिपोर्ट

बलरामपुर जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पदस्थ थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सोनी एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। क्षेत्र में हुई एक घटना के बाद उन पर कार्रवाई में लापरवाही, पक्षपात और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोप लग रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

जानकारी के अनुसार, वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम फुली डूमर में घाट निर्माण कार्य के दौरान बड़ी मात्रा में सीमेंट चोरी होने का मामला सामने आया। आरोप है कि ठेकेदार के मुंशी और मजदूरों ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले सीमेंट को चोरी कर ग्राम फुलीडूमर और ग्राम पंचायत कुंदी के करीब 8–9 लोगों को बेच दिया।

ठेकेदार की शिकायत के बाद बसंतपुर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान फुलीडूमर और कुंदी के करीब नौ लोगों के घरों से चोरी का सीमेंट बरामद किया गया। साथ ही सीमेंट ढोने में उपयोग किए गए दो ट्रैक्टर भी पुलिस द्वारा जब्त कर 24 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक थाना बसंतपुर में लाया गया।

बताया जाता है कि सभी आरोपियों को दो दिनों तक थाने में रखा गया, लेकिन 26 फरवरी 2026 को थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सोनी ने केवल दो विक्रेताओं और दो ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ ही चालान की कार्रवाई की। आरोप है कि मामले के मुख्य आरोपियों को छोड़ दिया गया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई से आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं।

पहले भी लगे हैं गंभीर आरोप

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहला मामला नहीं है जब थाना प्रभारी बसंतपुर की कार्यशैली पर सवाल खड़े हुए हों। बताया जाता है कि 9 फरवरी 2026 को एक युवती एफआईआर दर्ज कराने बसंतपुर थाना पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि थाना प्रभारी ने उसे डांट-फटकार कर थाने में ही जबरन समझौता कराने का प्रयास किया। बाद में बलरामपुर पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद ही मामले में एफआईआर दर्ज हो सकी।

मोटरसाइकिल छोड़ने के नाम पर पैसे लेने का आरोप

एक अन्य मामले में 3 मार्च 2026 को ककनेसा निवासी रामसेवक (पिता अमरसाय) को धारा 185 के तहत शराब पीकर मोटरसाइकिल चलाने के आरोप में पकड़ा गया और उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। आरोप है कि वाहन छोड़ने के एवज में उससे 4500 रुपये लिए गए, लेकिन इसके बावजूद उसे पिछले आठ दिनों से थाने के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि उसे यह कहकर टाल दिया जा रहा है कि “दूसरी गाड़ी पकड़ने के बाद ही तुम्हारी गाड़ी छोड़ी जाएगी।”

पशु परिवहन में भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर पिकअप वाहनों में बकरों को ठूंस-ठूंस कर लाया और ले जाया जा रहा है। यह वाहन प्रतिदिन बसंतपुर थाना क्षेत्र से गुजरते हैं, लेकिन कार्रवाई के बजाय कथित रूप से पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है।

जनता में बढ़ रहा आक्रोश

इन सभी आरोपों के बाद क्षेत्र के लोगों में बसंतपुर थाना प्रभारी के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि थाने में खुलेआम अवैध उगाही हो रही है और इस पर कोई निगरानी नहीं है।

अब इस पूरे मामले पर सबकी नजर बलरामपुर पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई पर टिकी हुई है। खबर प्रकाशित होने के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस प्रशासन इन आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।

Bharat Samman

Bharat Samman

यह एक हिंदी वेब न्यूज़ पोर्टल है जिसमें ब्रेकिंग न्यूज़ के अलावा, अपराध, राजनीति, प्रशासन, ट्रेंडिंग न्यूज, बॉलीवुड, खेल जगत, लाइफस्टाइल, बिजनेस, सेहत, ब्यूटी, रोजगार तथा टेक्नोलॉजी से संबंधित खबरें पोस्ट की जाती है। Disclaimer - समाचार से सम्बंधित किसी भी तरह के विवाद के लिए साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार/फोटो/विडियो आदि) शामिल होगी स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। न्यूज़ पोर्टल में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता/खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्यायक्षेत्र अम्बिकापुर होगा।

Related Articles

Back to top button