स्थानीय व केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर संकुल स्तरीय बैठक सम्पन्न

कोरबा | सुष्मिता मिश्रा
जिले के दूरस्थ वनांचल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा, विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा (जिला कोरबा) के संकुल केंद्र सिमगा एवं गडरा अंतर्गत आगामी आयोजित होने वाली विभिन्न वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर 10 मार्च 2026 को संकुल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने की।
बैठक में कक्षा 1, 2, 3, 4, 6, 7, 9 एवं 11वीं की स्थानीय वार्षिक परीक्षाओं तथा कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा की समुचित तैयारी पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि कक्षा 9वीं और 11वीं की स्थानीय वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च 2026 से प्रारंभ होंगी, जबकि कक्षा 5वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 17 मार्च से तथा कक्षा 8वीं की परीक्षा 18 मार्च से प्रारंभ होगी। उन्होंने सभी विद्यालयों को निर्देश दिए कि परीक्षाएं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित की जाएं।

बैठक में समस्त प्रधान पाठकों को यह भी निर्देशित किया गया कि प्राथमिक शालाओं में कक्षा 1 से 4 तथा पूर्व माध्यमिक शालाओं में कक्षा 6 और 7 की स्थानीय वार्षिक परीक्षाएं नियमानुसार आयोजित कराई जाएं।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पालकगणों के साथ पृथक रूप से आयोजित बैठक में विद्यार्थियों की सतत शैक्षणिक उन्नति पर विशेष चर्चा की गई। विभागीय एजेंडा के अंतर्गत छात्रवृत्ति भुगतान की स्थिति, अपूर्ण छात्रवृत्ति के कारण, विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र की जानकारी, 13, 16 एवं 17 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले एम.बी.वी. कैंप की तैयारी, तंबाकू मुक्त शाला की स्थिति तथा किसी शिक्षक-कर्मचारी के लंबित न्यायालयीन प्रकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
बैठक में पंचायती राज व्यवस्था के जनप्रतिनिधि, सरपंचगण, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, पालकगण, व्याख्याता, संकुल समन्वयक, प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठक तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




